दसवें दिन भी जारी रहा देवभूमि सिविल सोसायटी का धरना


शराब कारखाने खोले जाने के विरोध में देवपुरा चैक पर चल रहा देवभूमि सिविल सोसायटी का धरना व क्रमिक अनशन 10वें दिन में प्रवेश कर गया।

रिपोर्ट  - 

हरिद्वार, 11 सितम्बर। शराब कारखाने खोले जाने के विरोध में देवपुरा चैक पर चल रहा देवभूमि सिविल सोसायटी का धरना व क्रमिक अनशन 10वें दिन में प्रवेश कर गया। बुधवार को महादेव ई रिक्शा यूनियन के प्रिंस शर्मा व अशोक नंद महाराज ने अनशन किया। इस अवसर पर पंडित अधीर कौशिक व विनोद महाराज ने कहा कि सरकार की घोर लापरवाही के कारण राज्य में शराब कारखानों को बंद किए जाने की मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पूरे प्रदेश में शराब को पूर्ण रूप से बंद किया जाना जरूरी है। देवभूमि की मान मर्यादाओं को तार तार नहीं करने दिया जाएगा। प्रदेश के युवा नशे की लत के शिकार हो रहे हैं। लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। प्रदेश भर में शराब, स्मैक, गांजा, सुल्फे का अवैध कारोबार चल रहा है। शराब कारोबारी धड़ल्ले से अपना अवैध कारोबार संचालित कर रहे हैं। हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र मद्य निषेध होने के बावजूद भी जगह जगह शराब खुले रूप से बेची जा रही है। सरकार को गंभीरता से सोचना चाहिए। प्रदेश वासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शराब कारखाने लगाए जाने के निर्णय को तुरंत वापस लिया। महादेव ई रिक्शा के प्र्रिंस शर्मा व हरद्वारी लाल ने कहा कि दस दिन से धरना चल रहा है। लेकिन शासन प्रशासन कोई भी सुध नहीं ले रहा है। संत समाज भी शराब बंदी की मांग कर रहा है। नशे का कारोबार पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। नशा समाज के लिए बुराईयों की जड़ है। पवित्र नगरी की मान मर्यादाओं को ध्यान में रखा जाए। देवभूमि उत्तराखण्ड देवों की तपस्थली है। तपस्थली की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता की मांगों पर विचार कर शराब कारखाने लगाए जाने के निर्णय को तुरंत वापस लें। वरना यह आंदोलन उग्र रूप ले सकता है। विवेक चंचल, अजय राजपूत ने कहा कि शराब सेवन के कारण ही अपराधों पर अंकुश नहीं लग पाता है। आए दिन शहर भर में वाहन दुर्घटनाएं शराब के कारण ही होती हैं। पूरे प्रदेश में शराब बंदी की जाए। युवाओं के जीवन से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर सुखवीर, रोहित शर्मा, ब्रह्मपाल, महेश, मदन, कुलदीप, अर्जुन, कृष्ण कुमार, विशाल शर्मा, नरेश चंद्र, विवेक चंचल, सोमपाल कश्यप, रोहित शर्मा, प्रमोद गिरी आदि मौजूद रहे। 

Related Post