Latest News

मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया।


जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर भर्ती कोविड मरीजों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड रोकथाम के लिए सभी संसाधन जुटाए जा रहे हैं।

रिपोर्ट  - à¤…ंजना भट्ट घिल्डियाल

रुद्रप्रयाग 15 मई, 2021, प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शनिवार को जनपद में कोटेश्वर स्थित माधवाश्रम कोविड केयर सेंटर व जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर भर्ती कोविड मरीजों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड रोकथाम के लिए सभी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। साथ ही कहा कि राज्य में आॅक्सीजन की कमी नही है। इसके लिए सभी जिलों में आॅक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत करीब 11ः30 बजे गुलाबराय हैलीपेड पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कोटेश्वर माधवाश्रम कोविड सेंटर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां तैनात चिकित्सकों को कोरोना संक्रमण के तहत जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों से लगातार संवाद करते हुए उनकी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कोविड नियंत्रण को लेकर कार्यवाही गतिमान है। डीआरडीओ के माध्यम से ऋषिकेश व हल्द्वानी में पांच-पांच सौ बेड के अस्पताल अगले कुछ दिनों में बनकर तैयार हो जाएंगे। समय-समय पर लोगों को कोरोना के प्रति जागरुक करने की बात करते हुए कहा कि इसके लिए आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से घर-घर कोविड किट पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। ताकि प्राथमिक स्तर पर ही उपचार संभव हो सके और चिकित्सालय आने की आवश्यकता न हो। कहा कि पूरे प्रदेश में सैंपलिंग की संख्या को लगातार बढ़ाया जा रहा है। अन्य प्रदेशों की तुलना में यहां करीब डेढ गुना अधिक सैंपलिंग की जा रही हैं। बताया कि बीते रोज ही केंद्र सरकार द्वारा सौ मैट्रिक टन आॅक्सीजन प्राप्त हुआ है। जिसे दोनों मंडलों में भेजने का कार्य किया गया है। सभी जिला चिकित्सालयों में आॅक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त संख्या में आॅक्सीजन बेड, वैंटीलेटर, पीपीई किट एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। बताया कि पिछले कुछ दिनों में 345 नए चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। पहली बार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी चिकित्सकों को भेजा गया है। 18 से 45 वर्ष के सभी लोगों का निःशुल्क कोविड वैक्शीनेशन किया जा रहा है जिसमें खर्च होने वाली राशि करीब चार सौ करोड़ रुपए का वहन सरकार द्वारा किया जाएगा। पूरे देश में निःशुल्क वैक्सीनेशन करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है। उन्होंने सभी से वैक्शीनेशन करवाने की अपील की। साथ ही कहा कि सभी को अनिवार्य रूप से मास्क, सैनिटाइजर व सामाजिक दूरी का पालन करना होगा। इस दौरान जिलाधिकारी मनुज गोयल ने मुख्यमंत्री को कोविड की रोकथाम के लिए जनपद में संचालित किए जा रहे कार्यों से अवगत कराते हुए कहा कि जनपद में वैक्सीनेशन का कार्य भी सुचारू रूप से चल रहा है। कोविड की रोकथाम के लिए अधिक से अधिक संख्या में सैंपलिंग लिए जा रहे हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग गठित टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों की सैंपलिंग ली जा रही है। साथ ही कोविड को लेकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भर्ती मरीजों के लिए भोजन व्यवस्था हेतु कोविड सेंटर में ही कैंटीन स्थापित की गई है। कोटेश्वर माधवाश्रम कोविड सेंटर का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। यहां पर वार्डों का निरीक्षण करते हुए भर्ती हुए मरीजों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

Related Post