Latest News

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने “हिमालय चेतना के अग्रदूत सुंदरलाल बहुगुणा: एक परिचर्चा”


हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग ने “हिमालय चेतना के अग्रदूत सुंदरलाल बहुगुणा: एक परिचर्चा” विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया।

रिपोर्ट  - à¤…ंजना भट्ट घिल्डियाल

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग ने “हिमालय चेतना के अग्रदूत सुंदरलाल बहुगुणा: एक परिचर्चा” विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया। पर्यावरण विद सुंदर लाल बहुगुणा के जीवन संघर्ष, चिपको आंदोलन, शराब विरोधी आंदोलन, टिहरी बाँध विरोधी आंदोलन और उनकी हिमालयी यात्राओं के विषय मे इस परिचर्चा में विस्तृत बातचीत की गई। परिचर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में नाबार्ड के पूर्व महाप्रबंधक डॉ. बी.पी.नौटियाल और पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल नेगी मौजूद रहे । परिचर्चा को संबोधित करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एम.एम.सेमवाल ने व्याख्यान के दोनों ही मुख्य वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सुंदरलाल बहुगुणा जी ने श्रीदेव सुमन जी से प्रेरणा लेकर अपना सर्वस्व जीवन उत्तराखंड, हिमालय तथा उससे जुड़े लोगो के लिए समर्पित कर दिया। बहुगुणा जी ने टिहरी रियासत के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता के बाद उन्होंने नशाबंदी आंदोलन, चिपको आंदोलन टिहरी बांध विरोधी जैसे कई आंदोलनों में अहम भूमिका निभाई। उनके जीवन काल में उन्हें पद्म विभूषण, शेर ए कश्मीर सहित कई राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। बहुगुणा जी सामाजिक न्याय के क्षेत्र में भी काम किया इसीलिए वह पर्यावरणविद के साथ एक समाज सुधारक भी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज को समर्पित किया और अपना पूरा जीवन गाँधी जी के सिद्धांतों पर जिया और एक सच्चे सर्वोदयी की तरह सदा जीवन अपनाया। परिचर्चा को संबोधित करते हुए मानविकी एवम समाज विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रोफेसर आर.एन.गैरोला ने यह कहा कि बहुगुणा जी के जीवन से यह प्रेरणा मिलती है कि किस प्रकार एक सामान्य परिवार में पैदा हुआ बच्चा विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त कर सकता है और इतना संघर्ष वाला जीवन जी सकता है। उनका चिंतन और विचार जमीनी स्तर से प्राप्त ज्ञान पर आधारित था ना कि केवल किताबी ज्ञान पर। बहुगुणा जी सच्चे रूप में गांधीजी के अनुयायी थे क्योंकि उन्होंने अपने सभी आंदोलन गांधीवादी तरीके से किए हैं इसीलिए उन्हें हिमालय का गांधी कहा जाता है। नाबार्ड के पूर्व महाप्रबंधक डॉक्टर बी.पी. नौटियाल ने बहुगुणा जी को याद करते हुए कहा अपने जीवन की आरंभिक क्षणों में ही वे राष्ट्रीय आंदोलन में सम्मिलित हो गए थे , इसी दौरान टिहरी रियासत के विरुद्ध भी आंदोलन में वे सक्रिय रहे जिसके चलते वे टिहरी रियासत के निशाने पर थे। देश की स्वतंत्रता के पश्चात उन्होंने अपनी पत्नी विमला नौटियाल के कहने पर सक्रिय राजनीति छोड़ दी तथा समाज सुधार के कार्य में लग गए। बहुगुणा जी का पूरा जीवन समाज को समर्पित था और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर था। जाति की जकड़नों में जकड़े हमारे समाज मे उन्होंने जाति प्रथा के खिलाफ संघर्ष किया। डॉ नौटियाल ने 1975 में श्रीनगर से शिमला तक बहुगुणा जी के साथ की गई यात्रा का अनुभव भी साझा किया। बहुगुणा जी के जीवन मे यात्राओं का योगदान महत्वपूर्ण रहा है उन्होने इन यात्राओं के जरिये यहाँ के समाज, भूगोल, पर्यावरण को समझा। उन्होंने केवल विचार नही दिए बल्कि उन विचारों का अनुकरण भी किया। पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल सिंह नेगी ने अपने व्याख्यान की शुरुआत करते हुए यह कहा कि बहुगुणा जी को श्री देव सुमन और महात्मा गांधी जी के विचारों ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। सुंदर लाल बहुगुणा ने उस वक्त राजनीतिक जीवन से सन्यास ले कर सामाजिक जीवन मे गए जब उनका राजनीतिक जीवन चरम पर था। बहुगुणा जी ने शराब आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभाई। 1973 में चिपको आंदोलन का नेतृत्व किया, कश्मीर से कोहिमा तक पैदल यात्रा की, 1990 में टिहरी बांध आंदोलन का नेतृत्व किया और 1992 में बहुगुणा जी के नेतृत्व में हिमालय बचाओ आंदोलन शुरू किया गया। उत्तराखंड में बहुगुणा जी ने अपने समय के युवाओं को पर्यावरण आंदोलन के लिए तैयार किया और साथ ही साथ भविष्य में आने वाली पीढ़ी में भी पर्यावरण के प्रति चेतना जागृत करने का कार्य किया। समाज और हिमालय के प्रति बहुगुणा जी के समर्पण को इस बात से समझा जा सकता है कि हिमालय बचाओ आंदोलन के दस्तावेज को उन्होंने अपना दस्तावेज घोषित किया।

Related Post