Latest News

स्वामी राहुलेश्वरानंद गिरी बने निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर


पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के पंच परमेश्वर एवं 13 अखाड़ों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वामी राहुलेश्वरानंद गिरी महाराज का निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक हुआ।

रिपोर्ट  - allnewsbharat.com

हरिद्वार, 10 मार्च। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के पंच परमेश्वर एवं 13 अखाड़ों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में स्वामी राहुलेश्वरानंद गिरी महाराज का निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक हुआ। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि महाराज, निरंजनी अखाड़े के कुंभ मेला प्रभारी श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, निंरजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज सभी तेरह अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने तिलक चादर भेंट कर स्वामी राहुलेश्वरानंद गिरी महाराज का महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक किया। चरण पादुका मंदिर के सामने पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की छावनी में आयोजित महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक समारोह में विधि विधान एवं अखाड़े की परंपराओं का निर्वहन करते हुए संत समाज ने स्वामी राहलेश्वरानंद गिरी महाराज का पट्टाभिषेक कर उन्हें शुभकामनाएं दी। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि विद्वान संत स्वामी राहलेश्वरानंद गिरी बहुत भाग्यशाली हैं कि वे कुम्भ के पावन पर्व और महाशिवरात्रि की बेला पर महामंडलेश्वर पद पर आसीन हुए। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर के रूप में राहुलेश्वरानंद गिरी भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म का पूरे भारत में प्रचार-प्रसार कर अखाड़े की परंपराओं को मजबूती प्रदान करेंगे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि महाराज ने कहा कि म.म. राहुलेश्वरानंद गिरी भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के उत्थान में योगदान देने के साथ अखाड़े की परंपराओं को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के कुंभ मेला प्रभारी श्रीमहंत रविद्रपुरी महाराज ने कहा कि संतों का जीवन समाज को नई दिशा प्रदान कर समरसता का भाव जागृत करना होता है। महामंडलेश्वर राहुलेश्वरानंद गिरी युवा संतों के प्रेरणा स्रोत बनेंगे। अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर महामंडलेश्वर माता संतोषी, म.म.स्वामी ललितानंद गिरी महाराज, निर्भयानंद पुरी, श्रीमहंत लखन गिरी महाराज, श्रीमहंत केशवपुरी, महंत शंकरानंद सरस्वती, महंत जसविन्दर सिंह, म.म.स्वामी नवलकिशोर दास, म.म.स्वामी ईश्वरदास, श्रीमहंत मनीष भारती, श्रीमहंत राधे गिरी, श्रीमहंत नरेश गिरी, श्रीमहंत दिनेश गिरी, श्रीमहंत ओमकार गिरी, महंत राजगिरी, आदित्यनंद गिरी, स्वामी अनुरागी महाराज, महंत राजेन्द्र भारती, दिगंबर गंगा गिरी, दिगंबर आशुतोष पुरी, महंत सुखदेव पुरी, महंत शिववन, स्वामी रघुवन, स्वामी आलोक गिरी, महंत रविपुरी, दिगंबर बलवीर पुरी, राकेश गिरी, महंत आत्मानंद, महंत गजानंद, साध्वी प्रेमलता गिरी, महंत दिव्य चेतन गिरी, महंत आदित्य गिरी आदि सहित बड़ी संख्या में संत महापुरूष मौजूद रहे।

Related Post