
हरिद्वार में शीतलहर के बीच देर रात रैन बसेरों का निरीक्षण, राज्य मंत्री विनय रोहिला ने बांटे कंबल
हरिद्वार | 17 जनवरी 2026शीतलहर से गरीब एवं बेसहारा लोगों को राहत देने के उद्देश्य से उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन / राज्य मंत्री विनय रोहिला ने देर रात्रि रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गरीब, बेसहारा व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं को शीतलहर से बचाव हेतु कंबल वितरित किए।
रैन बसेरों में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को विद्युत, पेयजल, शौचालय, समुचित बिस्तर एवं स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गरीब या श्रद्धालु से कोई शुल्क न लिया जाए और रैन बसेरों में ठहरने वालों का पूरा विवरण नियमित रूप से दर्ज किया जाए।
अलाव व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
राज्य मंत्री विनय रोहिला ने नगर निगम एवं उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि शहर व तहसील क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों, मुख्य चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था लगातार जारी रखी जाए, ताकि शीतलहर से गरीब व बेसहारा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री के निर्देशों का हो रहा अनुपालन
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में कोई भी गरीब एवं बेसहारा व्यक्ति शीतलहर से प्रभावित न हो। इसी क्रम में सभी राज्य मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रैन बसेरों एवं राहत व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उसी क्रम में उन्होंने धर्मनगरी हरिद्वार में रैन बसेरों एवं विभिन्न स्थानों पर जलाए जा रहे अलाव का स्थलीय निरीक्षण किया है।
सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को प्रतिबद्ध
राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार अंतिम छोर पर निवासरत व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, विशाल गर्ग, मनोज गौतम, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रात, उप नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल,
तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।