बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दें पेट्रोल पंप—राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं पर सख्ती के निर्देश, रोड सेफ्टी कैलेंडर का विमोचन

बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दें पेट्रोल पंप—राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं पर सख्ती के निर्देश, रोड सेफ्टी कैलेंडर का विमोचन
हरिद्वार, 08 जनवरी 2026
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने परिवहन, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को किसी भी स्थिति में पेट्रोल न दिया जाए।
डॉ. बंसल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों के सख्त अनुपालन पर जोर देते हुए सभी स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी अनिवार्य रूप से दिए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एनसीसी एवं एनएसएस के छात्रों को ट्रैफिक नियंत्रण और जागरूकता के लिए प्रशिक्षित करने की बात कही, ताकि वे समाज में सड़क सुरक्षा के संदेश को प्रभावी रूप से पहुंचा सकें।

शराब पीकर वाहन चलाने व ओवरस्पीड पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
राज्यसभा सांसद ने शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स को शीघ्र दूरस्त करने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में साइन बोर्ड, क्रॉस बैरियर, रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए जाने तथा प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्कूल एवं कॉलेज समय के दौरान भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

वर्ष 2025 में 21,900 बिना हेलमेट चालान—एआरटीओ
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा
- 21,900 बिना हेलमेट वाहन चालकों के चालान
- 4,288 वाहन सीज
- 9,536 ओवरस्पीड चालान
- 2,317 ओवरलोडिंग चालान
- 947 मोबाइल पर बात करते वाहन चालकों के चालान
- 5,809 सीट बेल्ट न लगाने के चालान
- 56 शराब पीकर वाहन चलाने वालों के चालान किए गए।

सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले 7 वालंटियर सम्मानित
बैठक के दौरान वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले 7 वालंटियरों—नरेश चौधरी, विशाल कुमार, धर्मेंद्र, अंकित, मनोज नौटियाल, मनीष एवं आशु जैन—को राज्यसभा सांसद द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
जागरूकता वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी
बैठक के पश्चात सांसद डॉ. नरेश बंसल ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सांसद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और बैठक में दिए गए निर्देशों के पूर्ण अनुपालन का आश्वासन दिया।
अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, विशाल गर्ग, सीओ ट्रैफिक संजय चौहान, मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी.के. सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी दीपक कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, कृष्ण चंद्र पलारिया, एल्विन रॉक्सी, एनएचएआई के अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।