
“अंकिता को न्याय दो — VIP को बचाना बंद करो” , भाजपा सरकार और दुष्यंत गौतम का पुतला दहन
ऋषिकेश।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। आज 24 दिसंबर 2025 को ऋषिकेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के बाहर पुतला दहन किया।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी उर्मिला के कथित बयानों में “VIP” के रूप में भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम का नाम सामने आने के बावजूद, दो दिन बीत जाने के बाद भी सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई, जो सरकार की नीयत पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
“सरकार की चुप्पी मिलीभगत की ओर इशारा”
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला और कांग्रेस नेत्री मधु जोशी ने कहा कि—
“अंकिता भंडारी हत्याकांड में जब कथित VIP के रूप में भाजपा के बड़े नेता का नाम सामने आ चुका है, तब भी सरकार की चुप्पी यह दर्शाती है कि कहीं न कहीं सत्ता की मिलीभगत है।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा—
यदि बयान देने वाला झूठा है तो उस पर तुरंत कार्रवाई हो और यदि बयान सही है तो जिनके नाम आए हैं, उन्हें दोषी मानते हुए सख्त कार्रवाई की जाए
“यह सामान्य अपराध नहीं, सत्ता संरक्षण में हुआ जघन्य कांड”
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड कोई साधारण अपराध नहीं, बल्कि
“सत्ता के संरक्षण में हुआ एक जघन्य अपराध है, जिसमें प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की गई।”
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार शुरू से ही
- सच्चाई को दबाने
- दोषियों को संरक्षण देने
- और मामले को कमजोर करने
का प्रयास करती रही है, जिसे अब कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।