
मुख्यमंत्री के स्वच्छ हरिद्वार संकल्प को धरातल पर उतारने की बड़ी पहल
16 से 31 जनवरी तक जनपद में चलेगा ‘महा स्वच्छता पखवाड़ा’
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जारी किया विभागवार रोस्टर, हर विभाग को सौंपी जिम्मेदारी
हरिद्वार, 16 जनवरी 2026।
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों और तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा और ठोस कदम उठाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए 16 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक “महा स्वच्छता पखवाड़ा” चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
इस अभियान को केवल औपचारिकता न बनाते हुए दिनवार, विभागवार रोस्टर तैयार किया गया है, ताकि हर क्षेत्र, हर सड़क, हर कार्यालय और हर सार्वजनिक स्थल पर स्वच्छता का संदेश और कार्य दोनों स्पष्ट रूप से दिखाई दें।
पुलिस से होगी शुरुआत, थाना-चौकी बनेंगी स्वच्छता का उदाहरण
16 व 17 जनवरी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद की समस्त थाना व चौकियों में विशेष सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की यह पहल कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगी।
वन क्षेत्र, एचआरडीए और अग्निशमन विभाग भी मैदान में
17 जनवरी को उप वन संरक्षक/प्रभागीय वनाधिकारी के नेतृत्व में समस्त वन क्षेत्रों व प्रवेश द्वारों की सफाई होगी।
18 जनवरी को एचआरडीए सचिव के नेतृत्व में प्राधिकरण क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों पर सफाई अभियान चलेगा।
19 जनवरी को फायर एवं पीएससी अपने कार्यालयों और कार्य क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित करेंगे।
चौराहों से बस अड्डे तक, ट्रैफिक और रेलवे निभाएंगे जिम्मेदारी
20 जनवरी को ट्रैफिक पुलिस द्वारा जनपद के समस्त चौराहों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
21 जनवरी को रेलवे प्रशासन व परिवहन निगम द्वारा रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक किनारे, बस स्टैंड, बस स्टॉप व बसों में विशेष स्वच्छता अभियान किया जाएगा।
राजस्व, परिवहन और हाईवे पर विशेष फोकस
22 जनवरी को वाणिज्य कर विभाग अपने कार्यालयों में सफाई करेगा।
23 जनवरी को परिवहन प्रवर्तन व प्रशासन द्वारा राजमार्गों व चेकपोस्टों पर अभियान चलेगा।
24 जनवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग इकाई द्वारा हाईवे, सर्विस लेन, फ्लाईओवर की सफाई के साथ साइनेज व अवरोधकों की मरम्मत की जाएगी।
25 जनवरी को ग्रामीण निर्माण विभाग सड़कों की आरओडबल्यू पर सफाई व मरम्मत कार्य करेगा।
स्वयं सहायता समूह, जल स्रोत और गौशालाएं भी जुड़ेंगी अभियान से
26 जनवरी को एनआरएलएम/एनयूएलएम के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान चलेगा।
27 जनवरी को सिंचाई, लघु सिंचाई व नलकूप विभाग द्वारा नहरों, जल स्रोतों व नलकूप परिसरों की सफाई होगी।
28 जनवरी को दुग्ध, गन्ना विभाग द्वारा गौशालाओं, दुग्ध समितियों, डेयरियों, गन्ना समितियों व चीनी मिलों में अभियान चलाया जाएगा।
विद्यालय, आश्रम, खेल मैदान और औद्योगिक क्षेत्र भी होंगे शामिल
29 जनवरी को समाज कल्याण विभाग द्वारा आश्रम पद्धति विद्यालय, बालगृह व अन्य परिसरों में सफाई होगी।
30 जनवरी को जिला सेवा योजन अधिकारी अपने अधीनस्थ संस्थानों में स्वच्छता अभियान चलाएंगे।
31 जनवरी को जिला क्रीड़ा अधिकारी, जीएम डीआईसी और सिडकुल प्रबंधन द्वारा खेल मैदानों, औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए प्रतिष्ठित खिलाड़ी स्वच्छता का संदेश देंगे।
सिर्फ सफाई नहीं, जनभागीदारी का संदेश
यह महा स्वच्छता पखवाड़ा केवल कूड़ा उठाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही, जनभागीदारी और स्वच्छ सोच को मजबूत करने का प्रयास है। यदि यह अभियान ईमानदारी से जमीन पर उतरा, तो हरिद्वार वास्तव में स्वच्छ तीर्थ नगरी का उदाहरण बन सकता है।
✍️ स्वतंत्र पत्रकार
रामेश्वर गौड़